माँ शैलपुत्री

नवरात्रों की कथायें
नवरात्रि का शुभारम्भ … और… वातावरण में माँ दुर्गा के चरणकमलों की पदचाप सुनाई देने लगती है । अपनी माँ से कुछ देर के लिये बिछड़े बालक की आँखें जैसे पुन: उसे देख कर ख़ुशी से टिमटिमा उठती है, कुछ इसी तरह पूजा में जलते दीपक की अखण्ड जोत मंदिर-मंदिर लहरा उठती है । पीली साड़ियाँ पहने सुहाग-सिन्दूर से सजी स्त्रियाँ माथे पर कलश रख कर शोभायात्रा निकालती हैं । मातारानी के स्वागत में बड़े आदर और आस्था के साथ कलश की स्थापना मन्दिर में एवं पूजा-पंडालों में की जाती है । इसे घट-स्थापना भी कहते हैं और इसे कलश-स्थापना भी कहा जाता है । भक्तजन अपने घर पर भी कलश स्थापित करते हैं । यह है नवरात्रि का पहला दिन, जो पहली तिथि में पड़ता है । इस बात को जानना भी आनन्द देता है कि पहली तिथि प्रतिपदा तिथि कहलाती है ।
नवदुर्गा के पूजन के पहले दिन होती है माँ दुर्गा के पहले स्वरूप शैलपुत्री की पूजा । पर्वतराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लेने के कारण इनका नाम शैलपुत्री हुआ । उनका ध्यान-श्लोक है —
वन्दे वांछितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम् ।
वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम् ॥
इस श्लोक का अर्थ है कि यशस्विनी शैलपुत्री को (मेरा) वन्दन है । वे मनोवांछित लाभ देती हैं, शीश पर उनके अर्धचन्द्र है, वृषभ (बैल) पर वे बैठी हैं और हाथ में उन्होंने त्रिशूल धारण किया हुआ है ।
हम माँ शैलपुत्री की कहानी के बारे में अब जानेंगे ।
कौन है माता शैलपुत्री ?

माता शैलपुत्री पर्वतराज हिमालय की बेटी हैं । श्वेत वस्त्र धारण किये हुए माता शैलपुत्री वृषभ ( बैल ) पर सवार होकर संपूर्ण हिमालय पर विराजमान हैं । बैल इनका वाहन है, इसलिये इन्हें वृषारूढ़ा के नाम से भी जाना जाता है । संस्कृत में वृष कहते हैं बैल को और आरूढ़ा का अर्थ होता है सवार अर्थात् जो बैल पर सवार हो, वह होती है वृषारूढ़ा । माँ शैलपुत्री स्वरूप में अपने दाहिने हाथ में त्रिशूल और बायें हाथ में कमल का पुष्प धारण करती हैं । माता के मस्तक पर आधा चन्द्रमा सुशोभित होता है । ऐसा है माँ शैलपुत्री का स्वरूप ।
एक बात और । योग-साधना की बात की जाये तो योगी मनुष्य की देह में सात चक्रों की स्थिति मानते हैं । इनमें से पहला चक्र मूलाधार चक्र कहलाता है । माता शैलपुत्री की पूजा करने से यह मूलाधार चक्र जागृत होता है, जो योग साधना का पहला चरण माना जाता है । मूलाधार चक्र में ही पूर्वजन्मों के कर्म संचित रहते हैं । परम्परा के अनुसार माँ शैलपुत्री को सफेद वस्तुओं का भोग लगाया जाता है और लाल रंग के फूल चढ़ाये जाते हैं । एक मान्यता के अनुसार नवरात्रि के पहले दिन पर्वतराज ने अपनी पुत्री शैलपुत्री का स्वागत किया था, इसलिये नवरात्रि के पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा की जाती है । इनकी आराधना से सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं । ऐसा कहा जाता है कि इनकी पूजा-उपासना करने से चन्द्रमा के बुरे प्रभाव को दूर किया जा सकता है ।
माँ शैलपुत्री के पूर्वजन्म की कथा
माँ शैलपुत्री की कथा सुनने में और पढ़ने में बड़ी ही रोचक है । देवी पार्वती ही माँ शैलपुत्री हैं । वे अपने पूर्वजन्म में प्रजापति दक्ष की पुत्री सती हुआ करती थीं । प्रजापति दक्ष स्वयं ब्रह्माजी के मानसपुत्र थे । पुराणों की कथाएँ कहती हैं कि प्रजापति दक्ष ने अपनी तपस्या से आदिशक्ति को प्रसन्न किया था । इसलिये माँ आदिशक्ति ने उन्हें वर दिया कि वे स्वयं उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लेंगी । अत: आदिशक्ति ने वहाँ जन्म लिया । उनका नाम रखा गया सती । आदिशक्ति का विवाह तो और किसी से हो ही नहीं सकता था, सिवाय भगवान शिव के । क्योंकि शिवशक्ति ही वास्तव में आदिशक्ति हैं, महाशक्ति हैं । जब वे कुछ बड़ी हुईं, तब ब्रह्माजी के कहने पर सती का विवाह प्रजापति दक्ष ने शिवजी से करा दिया ।
महादेव व सती के विवाह के कुछ काल तक प्रजापति दक्ष के संबंध शिवजी से बहुत अच्छे रहे । फिर हुआ ये कि उनके आपसी संबंधों में किसी कारण से खटास आ गई । एक बार कुछ ऐसी घटना घी कि प्रजापति दक्ष का मन अपने दामाद महादेव के प्रति वैर भाव से भर गया । यह कड़वाहट समय के साथ समाप्त हो चाहिए थी । लेकिन ऐसा हुआ नहीं । वैर भाव बढ़ता ही गया । यह बढ़ते-बढ़ते इतना गहरा हो गया कि दक्ष अपने जामाता (दामाद) को सबके सामने नीचा दिखाने से भी नहीं चूके । पुराणों की कथा यह कहती है कि दक्ष ने एक बार बहुत बड़े यज्ञ का आयोजन किया और उसमें भाग लेने के लिये सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया, लेकिन वैरभाव के चलते बेटी-दामाद को अर्थात् शिवजी और सती को न्योता नहीं दिया । इसलिये शिवजी तो वहां नहीं गये । लेकिन सती ने हठ करके पति से आज्ञा ले ली व न्योता पाये बिना अकेली ही अपने पिता के घर चली गईं । वहां आई हुईं उनकी बहनों ने उनका उपहास किया और पिता दक्ष ने तो सीमा ही पार कर डाली । यज्ञ-मंडप में सभी देवी-देवताओं के भाग रखे हुए थे, परन्तु शिवजी का भाग वहाँ नहीं रखा गया था । यह देख सती का हृदय टुकड़े-टुकड़े हो गया और वे भारी मन से अपने पिता से उलझ गईं । दक्ष ने भरी सभा में भगवान शिव के बारे में बहुत ही अपमानजनक शब्द कहे । कैसे सहन कर पातीं सती यह सब ? उनके हृदय में क्रोध की भीषण अग्नि धधक उठी । तब सती ने जो किया, उसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी । अपने पति महादेव का स्मरण कर व उन्हें हाथ जोड़ कर वहां उसी क्षण सती ने योग द्वारा अग्नि प्रकट की और उस योगाग्नि में जल कर वे भस्म हो गईं ।
वीरभद्र ने किया दक्ष का वध
जब भगवान शिव को सती के भस्म हो जाने का समाचार मिला, तब भीषण क्रोध से उन्होंने अपनी जटा से भयानक और भीमकाय गण वीरभद्र की उत्पत्ति की और उसे दक्ष के यज्ञमंडप में जाकर उनका सिर धड़ से अलग करने का आदेश दिया । वीरभद्र ने यही किया, साथ ही कटे हुए सिर को यज्ञ के अग्निकुण्ड में फेंक दिया । शिवजी के गणों ने भी वहाँ खूब उत्पात मचाया । यज्ञ में आये हुए अतिथि त्राहि-त्राहि पुकार उठे । उसके बाद वहाँ पर ब्रह्माजी ने शिवजी से दक्ष को जीवनदान देने की प्रार्थना की । तब भगवान शिव ने दक्ष के धड़ पर बकरे का सिर लगा दिया और इस तरह प्रजापति दक्ष को पुन: जीवन प्रदान किया ।
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में आज भी विद्यमान है वह अग्निकुण्ड, जहां किया था माँ सती ने देह-त्याग । यह स्थान दक्षेश्वर महादेव मंदिर के नाम से जाना जाता है । मान्यता है कि इस मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करने से पितृदोष की समस्या दूर होती है । कहा जाता है कि कनखल क्षेत्र माँ सती का मायका था । यहां आज भी स्थापित है दक्ष की वह मूर्ति, जिसके धड़ पर बकरे का सिर लगा हुआ है ।
सती का दूसरा जन्म — पार्वती
सती ने अपना शरीर त्याग करते समय फिर से जन्म लेने और शिवजी को पति रूप में पाने का दृढ़ संकल्प किया था । इसलिये उनका दूसरा जन्म होना ही था । शैलराज हिमालय और उनकी रानी मैना माँ आदिशक्ति के अनन्य भक्त थे और दोनों ने कड़ी तपस्या से देवी को प्रसन्न कर दिया था, जिस पर देवी ने उन्हें वरदान दिया कि वे उनक घर पर उनकी पुत्री के रूप में अवतरित होंगी । इस कारण से सती के रूप में जब देवी ने देह-त्याग किया तो उन्होंने दूसरा जन्म शैलराज हिमालय के घर में लिया और वे शैलपुत्री कहलाईं । शैल का अर्थ, जैसा कि हम सब जानते है, पर्वत होता है, इससे उनका नाम पार्वती भी हुआ ।
आइये अब देखते हैं कि शैलपुत्री बन कर जन्मी सती का मिलन महादेव से कैसे हुआ । हुआ यह कि एक दिन नारद मुनि शैलराज हिमालय के भवन में पधारे । शैलराज व उनकी रानी मैना ने पार्वती के विवाह के बारे में उनसे पूछा । नारद मुनि ने कन्या के वर ( पति ) में कुछ दोष बताये । लेकिन साथ में उस दोष को दूर करने का उपाय भी बताया । उन्होंने कहा कि इस दोष को दूर करने के लिये पार्वती शिवजी की सेवा-पूजा करें । एक ओर तो यह बात हुई । दूसरी ओर सती के देह त्याग देने के बाद भगवान् शिव संसार से उदासीन होकर हिमालय पर्वत पर तपस्या करने के लिये निकल पड़े । उनके हिमालय पहुँचने पर शैलराज व उनकी रानी ने महादेव से प्रार्थना की व उनसे आज्ञा भी ले ली कि उनकी पुत्री पार्वती तपस्या में बैठे महादेव की सेवा करेगी । उन्होंने सेवा-पूजा की सब सामग्री सजा कर अपनी पुत्री को तपस्या में रत महादेव के पास भेजा । पार्वती ने पूरे मन से एवं समर्पण भाव से उनकी सेवा की । जब भगवान शिव तपस्या से नहीं उठे, तब इंद्र ने उन्हें मोहित करने के लिए कामदेव को वहाँ भेजा । तपस्या में रत भगवान शिव को कामदेव के वहाँ आने की अनुभूति हो गई, इसलिये जैसे ही कामदेव ने शिवजी की ओर अपना पुष्पबाण ताना, तब तप में बाधा आ जाने पर भगवान शिव क्रोधित हो उठे और अपने तीसरे नेत्र की ज्वाला से कामदेव को भस्म कर दिया । इस घटना से खिन्न होकर भगवान शिव वहाँ से चले गये । तब पार्वती ने शिवजी को पति रूप में पाने के लिये वन में जाकर अत्यंत कठोर तप किया । अन्त में शिवजी को प्रसन्न करके शैलपुत्री ने उन्हें पति रूप में पा ही लिया । यही कथा है शैलपुत्री की । इसी कारण से माँ दुर्गा का शैलपुत्री स्वरूप जीवन में दृढ़ता और स्थिरता का प्रतीक माना जाता है ।
वाराणसी में है माँ शैलपुत्री का प्राचीन मंदिर
वाराणसी के अलईपुर में वरुणा नदी के पास माँ शैलपुत्री का प्राचीन मंदिर स्थित है । इस मंदिर को लेकर यह किंवदन्ती ( legend ) है कि एक दिन माता शिवजी से रुष्ट कर ( रूठ कर ) कैलाश से काशी आ गईं । जब महादेव उनको मनाने के लिये वहाँ आये, तो माँ ने कहा कि यह स्थान मुझे बहुत प्यारा लगा है, मैं इसे छोड़ कर जाना नहीं चाहती । कहते हैं कि तब से माता वाराणसी में स्थित हैं । वहीं पर वे वास करती हैं । इस मंदिर के बारे में यह मान्यता है कि यहाँ माँ के दर्शन मात्र से भक्त जनों की सारी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं । यह मंदिर इतना प्राचीन है कि इसकी स्थापना कब और किसने की, यह बात किसी को पता ही नहीं है ।
सच कहें तो नौ दिनों में होने वाली पूजा में माता दुर्गा के रूप में स्वयं स्त्री के क्रम-विकास ( Evolution ) की झलक मिलती है । देवी पहले पुत्री बन कर जन्म लेती हैं, फिर बड़ी होकर विवाह योग्य बनती हैं । अपना वर चुनती हैं व कड़ा तप करके उस वर को पा लेती हैं । इसके बाद वे ममतामयी माँ बनती हैं । अपने बच्चों-भक्तों की रक्षा के लिये उग्र रूप धारण करके दैत्यों व शत्रुओं का विनाश करती हैं ।उनका शान्त और शीतल रूप भी सामने आता है और अन्त में सिद्धियों के रूप में आशीर्वाद प्रदान कर अपने बच्चों का जीवन सँवारती हैं । और इस प्रकार माँ शैलपुत्री के स्वरूप में की जाने वाली माँ दुर्गा की पहलीपूजा बन जाती है नवरात्रि की पूजा का पावन और पक्का आधार ।

Leave a Reply