माँ सिद्धिदात्री

नवरात्रों की कथायें
आज माँ शेरांवाली की नवरात्रि-उपासना का और इस चहकते-महकते पर्व का अंतिम दिन है, क्योंकि आज है नवमी तिथि । मौसम ने देखते ही देखते करवट बदली है । शाम की ठंडक अब शरीर को गुदगुदाने लगी है । तारों की छाँव तले माँ के मंदिर में मंजीर-करताल झनझना उठे हैं । ढोलक की लयबद्ध थाप पर लोकधुन में भजन-गान गाती महिलाओं के सम्मिलित देसी स्वरों से और अन्य वाद्यों की भक्तिभरी ध्वनि से मंदिर परिसर का कोना-कोना गमगमा उठा है । भावों का उछाल वातावरण में उल्लास भी घोल रहा है और शोर भी ।
आइये, हम भी मंदिर के भीतर प्रवेश करें, यहाँ का शोभा-विलास देखें और अम्बा का आशीर्वाद लें ! वाह ! क्या अद्भुत् दर्शन हैं ! चमचमाती चुनरी व पुष्पमाला से शोभित, श्रृंगार से भूषित माँ सिंहवाहिनी का दिव्य विग्रह ज्योतियों से देदीप्यमान हो रहा है । मातारानी के आगे आरती की थाली सजी है और साथ ही सजी है भोग-प्रसाद की सामग्री । फूलों व ऋतुफलों के ढेर लगे हैं और उनकी मधुमती महक छप्पर फाड़ कर हवा में ख़ुशियाँ बिखेर रही है । सर पर लाल चूनर बांध कर मंदिर में कुछ भक्त स्त्रियाँ भजन के देसी बोलों पर मगन होकर नाच रही हैं । भक्ति की शक्ति सर चढ़ कर बोल रही है । कहीं कुछ लोग तालियाँ बजाते, माथा झुमाते हुए माँ महेश्वरी को और पूरे दृश्य को भक्तिभाव से निहार रहे हैं । तो आइये, हम भी अष्टभुजाओं वाली देवी माँ के चरणकमलों में शीश नवायें और शामिल हो जायें नवमी के इस उत्सव में । देर किस बात की ?
नवदुर्गा का जो नौवाँ व अन्तिम स्वरूप है, उसका नाम है सिद्धिदात्री । सिद्धिदात्री माँ दुर्गा की नौवीं शक्ति का नाम है, जिसका अर्थ है सिद्धियां प्रदान करने वाली । जैसा कि नाम से स्पष्ट है, माता अपने निष्ठावान सच्चे साधकों को सब सिद्धियाँ प्रदान करती हैं । आध्यात्मिक साधना के क्षेत्र में साधक कुछ असाधारण शक्तियों को प्राप्त करता है और यही अलौकिक शक्तियां सिद्धियां कहलाती हैं । श्रीदुर्गासप्तशती में पाठविधि के अन्तर्गत देवी-कवच आता है, जिसमें देवी के नौ स्वरूपों का उल्लेख मिलता है । इसमें बताया गया है कि देवी की नौ मूर्तियाँ हैं, जिन्हें नवदुर्गा कहते हैं । माँ सिद्धिदात्रीके बारे में लिखा है कि वे सिद्धि अर्थात् मोक्ष को देने वाली होने से सिद्धिदात्री कहलाती हैं ।
मां सिद्धिदात्री का स्वरूप

आइये, आज हम माँ सिद्धिदात्री के स्वरूप के बारे कुछ जानने का प्रयास करते हैं सिद्धिदात्री माँ दुर्गा की नौवीं शक्ति का नाम है । उनके इस स्वरूप की चार भुजाएँ हैं और उनके गले में पुष्पमाला सुशोभित है ।अपने हाथों में माता शंख, चक्र, गदा और कमल का पुष्प धारण करती हैं । माँ का वाहन सिंह है । इसके अलावा वे कमलपुष्प पर भी विराजमान होती हैं । नवरात्रि के नौवें दिन माँ सिद्धिदात्री की पूजा का विधान है । माँ का यह स्वरूप अत्यन्त शुभ, दिव्य और परम कल्याणकारी माना जाता है । इस स्वरूप के साधक की लौकिक कामनाएँ शेष नहीं रह जातीं । वह परम पद पाने का अधिकारी हो जाता है ।
हमारे धर्म और जीवन में माँ दुर्गा का एक स्वरूप और भी है और वह है मातारानी का कन्या रूप अथवा कुमारिका रूप । सनातन धर्म कन्याओं में माता के जीवन्त स्वरूप के दर्शन करता है तथा माँ के इस शुद्ध व पवित्र सजीव स्वरूप का पूजन भी करता है । चलिये ! माता का बुलावा आया है । देखते हैं कन्या-पूजन कैसे होता है । लेकिन उससे पहले क्यों न माँ की कथा जान ली जाये !
माँ सिद्धिदात्री की कथा
माता की कृपा से उनके सिद्धिदात्री स्वरूप के हमने दर्शन किये तथा उनके कन्यका रूप का परिचय भी पाया । माँ सिद्धिदात्री केवल मनुष्यों द्वारा ही नहीं अपितु सुर, असुर, यक्ष व गन्धर्वों द्वारा भी पूजी जाती हैं । ऐसी वरदायिनी माता की कथा सुनने का भी मन तो कर रहा होगा । है ना ? चलो तो फिर मन लगा कर माँ सिद्धिदात्री की कथा का भी आनन्द लेते हैं । लेकिन पहले हम यह जान लें कि सिद्धियाँ क्या हैं व कितने प्रकार की हैं ।
आध्यात्मिक साधना के क्षेत्र में साधक अपनी अथक और सतत साधना से कुछ असाधारण व अलौकिक शक्तियों को प्राप्त करता है और यही अलौकिक शक्तियां सिद्धियां कहलाती हैं । मार्कण्डयपुराण में इनकी संख्या आठ बतायी गई हैं और वे हैं— अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, ईशित्व और वशित्व । सिद्धियाँ केवल इतनी ही नहीं हैं । ब्रह्मवैवर्त्तपुराण में इनकी संख्या अठारह बतायी गई हैं । इसमें मुख्य रूप से दूरश्रवण, परकायाप्रवेशन, वाक्सिद्धि, सृष्टि, संहारकरण-सामर्थ्य आदि अन्य सिद्धियों का भी उल्लेख है । हमारे लिये उसका पूरा विवरण जानना आवश्यक नहीं । मुख्य बात यह है कि माता सिद्धिदात्री अपने निष्ठापूर्ण भक्तों व साधकों को ये सभी सिद्धियाँ प्रदान करने में समर्थ हैं ।
देवीपुराण में एक कथा आती है, जिसके अनुसार भगवान शिव ने इन्हीं की कृपा से ये सभी सिद्धियाँ पाईं । भगवान शिव का एक रूप अर्धनारीश्वर का है, जिसमें उनके शरीर का आधा भाग उनका अपना हैं और आधा भाग देवी का है । आधे नर और आधे नारी के शरीर वाले शिवजी संसार में अर्धनारीश्वर के नाम से जाने गये । यह माँ सिद्धिदात्री की कृपा से संभव हुआ । भगवती दुर्गा का यह स्वरूप सबसे अधिक शक्तिशाली माना जाता है ।
माँ सिद्धिदात्री के उपासक यह दृढ़ विश्वास रखते हैं कि माँ कृपासागरी हैं और उनकी सभी मनोकामनाएँ पूरी करती हैं । उनके भक्तों को स्वास्थ्य-लाभ व यशलाभ के अलावा लक्ष्मी-लाभ भी होता है । किन्तु सच तो यह है कि माँ का साधक सभी सांसारिक इच्छाओं से ऊपर उठ जाता है । उसे यह बोध हो जाता है कि संसार में कुछ सार नहीं है । वह सुखों का भोग तो करता है, पर उन सुखों से बंधता नहीं है, उनसे अलिप्त रहता है । उसे देवी की कृपा की अनुभूति निरन्तर होती रहती है । माँ का निरन्तर स्मरण उसे मोक्ष के मार्ग पर ले जाता है । यही वह परम पद है, जिसे पाने के बाद और कुछ पाने की इच्छा शेष नहीं रह जाती ।
कन्या-पूजन
नवरात्रों में अष्टमी और नवमी तिथि (दिन) का विशेष महत्व होता है । कुछ लोग अष्टमी के दिन और कुछ लोग नवमी के नवरात्र व्रत का पारण करते हैं अर्थात् व्रत का समापन करते हैं । वे अपने भीतर एक नवीन ऊर्जा के संचार का अनुभव करते हैं ।अष्टमी अथवा नवमी, जिस किसी दिन भी व्रत का पारण किया जाता है, तब उस दिन पूर्वाह्न के समय (सवेरे के बाद और दोपहर के पहले का समय) पारण करने से पहले कन्या-पूजन का विधान हैं । वैदिक विधान के अनुसार दो से दस वर्ष तक की कन्याओं को उपयुक्त माना जाता है । ये कन्याएँ निर्विकार व पवित्र होने के कारण देवीरूपिणी मानी जाती हैं । कहा जाता है कि इस दिन माँ दुर्गा स्वयं कन्या के रूप में भोजन ग्रहण करने अपने भक्तों के घर पर आती हैं । शास्त्रों में बताया गया है कि भगवती दुर्गा हवन, पूजन, जप और दान से भी इतनी प्रसन्न नहीं होतीं, जितनी वे कन्यारूपी देवी के पूजन से होती हैं । इन कन्याओं को साधारण बोलचाल की भाषा में कंजकां भी कहा जाता है । कंजक अर्थात् कन्यका । तंत्र ग्रंथों के अनुसार कन्यकाओं को पूज कर उन्हें भोजन कराने से देवी आनन्दित होती हैं व उस घर में वे निवास करती हैं । देवी भगवती के प्रसन्न होने से तीनों लोक तृप्त हो जाते हैं । कुछ लोग अष्टमी के दिन और कुछ लोग नवमी के दिन कन्यकाओं का पूजन करके उन्हें श्रद्धा व प्रेम से भोजन कराते हैं । भोजन में पूरी, काला चना और आटे का हलवा अवश्य होता है । भोजन के उपरान्त इन कन्याओं को यथाशक्ति उपहार या कुछ पैसे भी दिये जाते हैं । इन्हें पाकर वे ख़ुशी-खुशी उन घरों से लौटती हैं । उनकी ख़ुशी वास्तव में माँ दुर्गा की ख़ुशी है ।
नवदुर्गा के स्वरूपों में माँ का विकासक्रम
माँ दुर्गा के सभी नौ स्वरूपों में उनका विकासक्रम लक्षित होता है । पुत्रीरूप में उनका उत्पन्न होना, व्रत व तप का आचरण करते हुए मनोवांछित वर की इच्छा का उदित होना, किशोरी होने पर चन्द्रमा की शीतल कांति से युक्त होना, सृजनशक्ति का प्रादुर्भाव होना, पत्नी व माता बनना, शक्ति से युक्त होकर देवकार्य सिद्ध करने के लिये कात्यायनी रूप में प्रकट होना, दैत्यों के लिये कालरात्रि बनना, संसार को भयमुक्त करके आनन्दित करना और साधकों को सब प्रकार की सिद्धियाँ प्रदान करके उन्हें पूरी तरह तृप्त करना । विकासक्रम के अन्तिम रूप में माँ अपने भक्तों-साधकों को इतना कुछ दे देती हैं कि उन्हें किसी वस्तु की आवश्यकता या इच्छा नहीं रह जाती है । वे केवल माँ का सान्निध्य ही चाहते हैं, जो उनके लिये सब कुछ है ।
संसार की सभी स्त्रियों में माँ जगदम्बा का रूप किसी न किसी अंश में समाहित है, इसलिये सनातन संस्कृति नारी को मातृशक्ति कह कर पुकारती है । माता नवदुर्गा के नौ स्वरूपों में नारी के विकासक्रम की भी झलक मिलती है ।

Leave a Reply