कथाकुंज

हमारी अमूल्य धरोहर

माँ स्कंदमाता

Floral divider

नवरात्रों की कथायें

लीजिए, आ गया आज नवरात्र का पाँचवाँ दिन ! पाँचवें दिन की पूजा में हम एक नयापन पायेंगे । और वह इस तरह कि इस दिन माँ की पूजा तो नित्य की भाँति होगी ही, पर साथ-साथ अपनी माता के साथ-साथ उनके प्यारे पुत्र कुमार कार्तिकेय भी पूजे जायेंगे । स्कन्द इन्हीं का दूसरा नाम है । इसी कारण माता पार्वती को स्कंदमाता कहा जाता है ।

स्कंदमाता का स्वरूप

माँ दुर्गा के स्कन्दमाता स्वरूप में उनके मातृत्व और उनके ममत्व के पावन दर्शन होते है । अपने पुत्र को अपनी गोदी में बिठाये हुए माँ बड़ी प्रसन्न दिखाई देती हैं । यह रूप वह रूप है, जो हम अपने आस-पास व सब ओर देखते हैं । अपनी गोदी में अपना बालक लिये हुए सभी माताओं का प्रतिनिधित्व करता है माँ दुर्गा का यह पांचवां स्कन्दमाता स्वरूप ।

स्कंदमाता चार भुजाओं वाली देवी हैं । माता ने अपने दो हाथों में कमल का फूल धारण किया है । उनकी एक भुजा भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए ऊपर की ओर उठी हुई है तथा एक हाथ से माता ने गोद में विराजमान अपने पुत्र स्कंन्द (कार्तिकेय) को थाम रखा है । स्कन्दमाता की पूजा करने से भगवान स्कन्द, जिनका लोक-प्रसिद्ध नाम कुमार कार्तिकेय है, की पूजा भी हो जाती है एवं भक्तगण दोनों को प्रसन्न करने का उनका सम्मिलित प्रसाद पाकर धन्य हो जाते हैं । इस दिन पूजा करने वाला उपासक अपने जीवन में संतान-सुख भोगता है तथा अपनी मृत्यु के पश्चात् वह मोक्ष का भागी बनता है । इस प्रकार माँ स्कन्दमाता की पूजा उत्तम फलों की देने वाली है ।

माँ स्कन्दमाता कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं, इसलिए उन्हें पद्मासना भी कहा जाता है । माता का वाहन सिंह है, जो निर्भयता और साहस का प्रतीक है ।

नवरात्रि के पांचवें दिन साधक का मन विशुद्धि चक्र में स्थित होता है। कहा जाता है कि बुध ग्रह का नियंत्रण माँ स्कंदमाता के अधीन है । इसलिए जिनकी जन्मकुण्डली में बुध ग्रह से संबंधित दोष होते हैं, वे स्कंदमाता की आराधना करके अपने इस दोष का निवारण करते हैं और शुभ फल की प्राप्ति करते हैं ।

स्कंदमाता को केले अत्यंत प्रिय हैं, इसलिए इस दिन उन्हें केले का भोग लगाया जाता है । साथ ही खीर का प्रसाद अर्पित करना भी शुभ माना जाता है । मां को श्वेत और पीला रंग अत्यधिक प्रिय है, इसलिए भक्तों के लिये नवरात्रि के पांचवें दिन श्वेत या पीले वस्त्र धारण करना उत्तम है ।

माँ स्कंदमाता की कथा

पुराणों में यह कथा आती है कि तारकासुर नामक एक बहुत बलवान और अत्याचारी दैत्य ने कठोर तपस्या करके ब्रह्माजी से वरदान पा लिया कि उसकी मृत्यु केवल शिवजी से उत्पन्न पुत्र के हाथों से ही हो । उसके अलावा संसार में और कोई भी उसे मार न सके । इसके बाद तारकासुर ने देवताओं को युद्ध में हरा कर स्वर्ग पर अधिकार कर लिया । भगवान शिव उस समय सती के देह छोड़ देने से दु:खी होकर हिमालय पर तपस्या करने चले गये थे । आतंकित देवताओं को देवगुरु बृहस्पति ने बताया कि यदि शिव और शक्ति का मिलन हो जाये तो उससे शक्तिधर पुत्र स्कन्द का जन्म होगा । वे शिवपुत्र बालक होते हुए भी अकेले तारकासुर का वध कर सकते हैं । तब इन्द्र ने तप में लीन महादेव को विचलित करने के लिये कामदेव को भेजा, क्योंकि माता आदिशक्ति शैलपुत्री के रूप में तब शिवजी की सेवा-पूजा कर रहीं थीं । कामदेव देवराज इन्द्र द्वारा सौंपे गये कठिन कार्य को करने के लिये तपोरत शिवजी के सम्मुख गये और वहीं उनके शिवजी के क्रोधित होने पर उनके तीसरे नेत्र से निकली भयानक अग्नि में कामदेव देखते ही देखते भस्म हो गये ।

कामदेव के भस्म होने की घटना के बाद शिवजी खिन्न होकर अपनी तपस्थली को छोड़ कर चले गये । लेकिन पर्वतराज की पुत्री ने हार न मानी और उग्र एवं कठोर तपस्या करके महादेव को प्रसन्न करने में वे सफल-मनोरथ हुईं । भगवान शिव और भगवती पार्वती का विवाह हो गया । स्कन्दपुराण के अनुसार शिव व शक्ति के मिलन के पावन मिलन की घटना घटी और षष्ठी तिथि को भगवान स्कन्द का जन्म हुआ । षष्ठी के दिन जन्म होने से उनकी जन्मतिथि स्कन्दषष्ठी कहलाती है ।

शिवपुत्र स्कन्द जन्म से ही परम तेजस्वी और पराक्रमी हुए, अत: शक्तिधर भी कहलाये । कुमार कार्तिकेय इन्हीं का नाम है । वे छह मुख वाले हैं, इसलिये उन्हें षडानन भी कहा जाता है । देवासुर-संग्राम में वे देवताओं की सेना के सेनापति बने । इनके हाथों तारकासुर का वध हुआ व देवताओं की विजय हुई । इनका वाहन मयूर है ।

नवरात्रि पूजा में पाँचवाँ दिन बहुत महत्व का माना जाता है । पाँचवें दिन साधक का ध्यान विशुद्धि चक्र में पहुँच जाता है । इससे उसका मन पूरी तरह एकाग्र हो जाता है और वह परमात्मा की ओर बहुत आगे बढ़ जाता है ।

स्कन्दमाता वात्सल्यमयी देवी हैं । वे भक्तों के मनोरथ सभी पूरे करती हैं । माँ की साधना करने वाला साधक अपने अंदर अद्भुत शक्ति का अनुभव करता है । इस दिन एकाग्र मन से की गयी उपासना उसके लिये मोक्षदायिनी बन जाती है ।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *