माँ ब्रह्मचारिणी

नवरात्रों की कथायें
नवरात्रि का दूसरा दिन होता है माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा का । ब्रह्म का अर्थ तपस्या होता है । माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिये हजारों वर्षों तक बड़ी कठोर तपस्या की थी, इतनी कि उनका शरीर तक अत्यन्त क्षीण हो गया था । इस उग्र तप में तत्पर होने के कारण उनका नाम ब्रह्मचारिणी हुआ । ब्रह्मचारिणी का अर्थ तप की चारिणी अर्थात् तप का आचरण करने वाली होता है । उनका ध्यान-श्लोक है –
दधाना करपद्माभ्यामक्षमालाकमण्डलू ।
देवी प्रसीदतु मयि ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा ॥
इसका भावार्थ है कि सर्वोत्तम देवी ब्रह्मचारिणी जो अपने कर-कमलों में जपमाला तथा कमण्डल धारण किये हुए हैं, मुझ पर प्रसन्न हों । माँ ब्रह्मचारिणी को ज्ञान और तप की देवी भी कहा जाता है । और ऐसा कहने के पीछे कारण क्या है, यह जानने के लिये जानना होगा माँ की कठिन यात्रा को । तो फिर क्यों न हम आज के दिन उनकी प्रेरणादायी कथा का आनन्द लें ! लेकिन उससे पहले माँ के स्वरूप के दर्शन कर लेते हैं ।
माँ ब्रह्मचारिणी का स्वरूप

ब्रह्मचारिणी के स्वरूप में माँ श्वेत वस्त्रों को धारण किये हुए रहती हैं । उनके दाहिने हाथ में जपमाला होती है और बाएँ हाथ में होता है कमण्डल । माँ का वाहन सिंह है । देवी का यह स्वरूप सौम्यता व शांति में नहाया हुआ है । अन्य देवियों की तरह माँ के इस रूप में श्रृंगार की चमक नहीं दिखाई देती है । उनका रूप सहज ही भव्य है तथा तप की पवित्र प्रभा से प्रदीप्त है ।
माँ ब्रह्मचारिणी को गुड़हल एवं कमल के फूल अत्यंत प्रिय हैं । माँ को भोग लगाने के लिये उनके उपासक श्रद्धा व भक्ति के साथ मीठी और श्वेत वस्तुएं उनके आगे धरते हैं जैसे चीनी, मिश्री, कलाकंद अथवा दूध से बनी अन्य मिठाइयां । माँ को खीर अर्पित करना भी बहुत शुभ माना जाता है । माँ के कृपा-प्रसाद से दीर्घ आयु सौभाग्य व पारिवारिक सुख-समृद्धि प्राप्त होती है । इतना ही नहीं साधक को संकल्प-शक्ति मिलती है और साथ में मिलती है कठिन से कठिन मार्ग पर भी आगे बढ़ते रहने की महान् प्रेरणा । इस स्वरूप में माँ संयम, समर्पण और स्थिरता की प्रतीक हैं । वे तपस्या की अधिष्ठात्री देवी है ।
सरल माँ की निर्मल कथा
माँ ब्रह्मचारिणी नवदुर्गा का दूसरा स्वरूप है । पहले यह जानना महत्वपूर्ण है कि माँ दुर्गा आदिशक्ति हैं । वे ही स्वयं भगवान शिव की शक्ति हैं । पर्वतराज की पुत्री के रूप में जन्म लेने से पहले अपने पूर्वजन्म में वे प्रजापति दक्ष की कन्या थीं तथा उनका नाम था सती । दक्ष ने तपस्या करके आदिशक्ति को प्रसन्न करके उनसे अपने घर में पुत्रीरूप में जन्म लेने का वरदान पा लिया था । माँ आदिशक्ति का वहां जन्म हुआ व शिवजी से विवाह भी उनका हो गया । किन्तु कुछ समय बाद दक्ष का शिवजी से वैर हो गया, जो बढ़ता ही गया । एक बार प्रजापति दक्ष ने अपने घर पर आयोजित यज्ञ-समारोह में भगवान शिव के विषय में अनर्गल बातें करते हुए उनकी अनुपस्थिति में उनका भयंकर अपमान किया, जिसे सती सह न सकीं । उन्होंने क्रुद्ध होकर वहीं तत्काल योग से अग्नि प्रकट की और मन ही मन पति को नमन करते हुए उस योगाग्नि में वे जल कर भस्म हो गईं । अगले जन्म में पुन: शिव को पति के रूप में पाने का संकल्प करते हुए सती ने अपनी देह का त्याग कर दिया ।
सती के दृढ़ संकल्प का परिणाम यह हुआ कि उनका अगला जन्म पर्वतराज हिमालय के घर पुत्री रूप में हुआ और यहीं से वे पार्वती कहलायीं । पार्वती शब्द पर्वत से बना है । शिव व शक्ति की कथा अब आगे बढ़ती है । माँ स्वयं ही शक्ति हैं । यहाँ पर शक्ति का शिव के साथ पुन: मिलन होना था । लेकिन यह काम सरल नहीं था ।
सती के देह छोड़ने के बाद शिवजी शोक में डूबे हुए थे व संसार से विरक्त हो गये थे । वे हिमालय पर्वत पर तप करने चले गये । उधर पर्वतराज की परम रूपवती पुत्री पार्वती बड़ी होने लगी व पिता को यह चिंता सताने लगी कि पार्वती जैसी सर्वगुणसंपन्न कन्या के लिये सुयोग्य वर मिलेगा भी या नहीं । फिर हुआ यह कि एक बार देवर्षि नारद वहां पधारे । उन्होंने राजा व रानी को भगवान शिव की उपासना का मार्ग सुझाया । अत: जब शिवजी तपस्या करने हिमालय पर पहुँचे तो हिमालयराज ने उनसे आज्ञा लेकर बड़े आनन्द के साथ अपनी पुत्री को उसकी कुछ सखियों के साथ महादेव की सेवा व पूजा के लिये भेजा । नारदजी ने पार्वती को शिवभक्ति की प्रेरणा पहले ही दे दी थी । इस पर माता-पिता की आज्ञा पाकर पार्वती ने तप में लीन शिवजी की सेवा आराधना आरम्भ कर दी । बड़ी निष्ठा व श्रम से वे सदैव तप में निरत शिवजी की सेवा में समर्पित रहीं । दूसरी ओर देवराज इन्द्र शिव व पार्वती का मिलन करवाना चाहते थे, ताकि उनसे जन्म लेने वाला पुत्र देवों के अजेय शत्रु तारकासुर का वध करके देवताओं की रक्षा कर सके । अतएव इन्द्र ने कामदेव को शिवजी की तपस्या भंग करने के लिये वहां भेजा । कामदेव ने शिवजी को मोहित करने के लिये पुष्पबाण चलाया, किन्तु महादेव ने अपना तीसरा नेत्र खोलकर उसे भस्मीभूत कर दिया । यह सब होने के बाद करुणामय शिव खिन्न हो कर वहां से कहीं और चले गये । और शिवजी की प्रसन्नता पाने का पार्वती का सपना वहीं बिखर गया ।
शिवजी के जाने के बाद भी माँ पार्वती ने हार नहीं मानी । उन्होंने तपस्या कर शिवजी को पाने का मन में दृढ़ संकल्प कर लिया । लेकिन यह काम क्या इतना सरल था ? इसके लिये माँ ने अपना राजभवन छोड़ दिया । उनकी माता ने विचलित होते हुए उन्हें वन जाने से रोकने का प्रयास किया और तब से माँ का एक नया नाम पड़ गया उमा । अपने संकल्प पर अटल माँ ने वन में जाकर अति कठिन तपस्या आरम्भ कर दी । तप को ब्रह्म भी कहते हैं और तप के आचरण को ब्रह्माचरण ( ब्रह्म + आचरण ) । माँ ने वन जाकर ब्रह्म (तप) का आचरण किया, इससे वे ब्रह्मचारिणी कहलाईं ।
पार्वती ने दुष्कर तपस्या करते हुए पहले एक हज़ार वर्ष केवल कन्दमूल व फल का आहार लिया । (कन्दमूल पौधों की उन मीठी-मीठी जड़ों को कहते हैं, जो खाने योग्य होती हैं, जैसे शकरकन्द )। फिर उसे भी त्याग कर कर उन्होंने अगले सौ वर्ष केवल शाक (साग) खा कर बिताये और फिर उसे भी छोड़ दिया । इसके बाद जो बेलपत्र (बेलवृक्ष की पत्ते) सूख कर धरती पर गिरते रहे, तीन हज़ार वर्ष तक उन्हीं को खाया । अब इसके बाद बेल की सूखी पत्तियां खानी भी छोड़ दीं । पत्तों को पर्ण भी कहते हैं और उनका भी सेवन छोड़ देने से माँ का नाम अपर्णा हुआ । अब सूखी पत्तियों को भी छोड़ कर वे केवल हवा और पानी पर कुछ वर्ष रहीं । वे पानी का सेवन भी बहुत कम करतीं थीं । खुले आकाश के नीचे उन्होंने सभी ऋतुओं के कष्ट झेले । कभी मूसलाधार वर्षा तो कभी तीखी चिलचिलाती धूप तथा कभी तेज आंधी-तूफ़ान । इन सब को सह कर भी वे अटल रहीं और शिवजी को पाने के अपने संकल्प पर डटी रहीं । घोर कष्ट सहते हुए दिनरात भगवान शिव की उन्होंने आराधना की । और बाद में जल का भी त्याग कर दिया । उनका तप बहुत कठिन और कष्टकारी था ।
पार्वती जैसी कठिन-कठोर तपस्या जगत में पहले किसी ने नहीं की थी । तीनों लोकों में ऐसी तपस्या से हाहाकार मच गया । ऋषि मुनि व देवता भी माँ के इस पावन व कठिन कृत्य से चकित थे । तब ब्रह्माजी ने आकाशवाणी द्वारा देवी को पुकारा और उनकी सराहना करते हुए कहा कि “ हे गिरिराजकुमारी ! तुम्हारी तपस्या सफल हुई है । संसार में धीर, मुनि और ज्ञानी अनेक हुए, परन्तु ऐसा उग्र तप, वह भी इतनी छोटी और कोमल अवस्था में, किसी ने नहीं किया । महादेव पति के रूप में तुम्हें अवश्य प्राप्त होंगे । तुम्हारे पिता तुम्हें लेने आ रहे हैं, अपना हठ छोड़ कर उनके साथ घर चली जाना । “ आकाशवाणी सुन कर गिरिजा धन्य हो गईं । जब उनके पिता पर्वतराज उन्हें लेने आये तो उनके संग वे अपने राजभवन को लौट गईं । इस प्रकार ब्रह्मचारिणी माँ ने अमोघ तप करके शिव व शक्ति के महामिलन का मार्ग प्रशस्त कर दिया ।
यही है माँ ब्रह्मचारिणी की कल्याणकारिणी कथा, जो साधक के मन में किसी भी प्रकार की दुर्बलता आने नहीं देती व उसे सदा भय से मुक्त रखती है । वे तपस्या की देवी मानी जाती है ।

Leave a Reply