माँ चंद्रघंटा

नवरात्रों की कथायें
अब आ गया नवरात्र का तीसरा दिन । यह दिन माँ दुर्गा के चन्द्रघण्टा स्वरूप को समर्पित है । सिंह पर बैठी हुईं माँ चन्द्रघण्टा के माथे पर घण्टे के आकार का चन्द्र सुशोभित होता है, इसलिये वे चन्द्रघण्टा कहलाती है । यही बात माता के ध्यान श्लोक में कहीं गई है —
पिण्डजप्रवरारूढ़ा चण्डकोपास्त्रकैर्युता ।
प्रसादं तनुते मह्यं चन्द्रघण्टेति विश्रुता ॥
इसका अर्थ यह है कि सिंह पर सवार एवं हाथों में प्रचंड आयुधों को लिये हुए देवी, जो चन्द्रघण्टा नाम से प्रसिद्ध है, वे मुझ पर कृपा करें ।
रण-तत्परा माँ चन्द्रघण्टा का स्वरूप

चन्द्रघण्टा नामक तीसरे स्वरूप में हमें देवी का योद्धा रूप दिखाई देता है, इसमें माँ अपने बालकों के लिये दैत्यों और दानवों से युद्ध करती हैं । देवता और माँ के भक्त असुरों से जब त्रस्त होते हैं, तब अत्याचारी असुरों का सर्वनाश करने के लिये माँ दस भुजाओं वाले अपने इस स्वरूप में अवतरित होती हैं । यह माता का योद्धा रूप है । इस रूप में उनके मस्तक पर घण्टे के आकार का चन्द्र सुशोभित होता है, इसलिये वे चन्द्रघण्टा कहलाती है । उनके घण्टे की ध्वनि से अत्याचारी राक्षस, दैत्य, दानव आदि भय से काँपने लगते हैं । भूत, प्रेत व अन्य नकारात्मक शक्तियों के लिये भी यह ध्वनि बहुत डरावनी होती है । लेकिन माता के भक्त सुख और चैन की साँस लेते हैं । उनके हाथों में एक ओर धनुष-बाण, त्रिशूल, तलवार और गदा रहती है तो दूसरी ओर वे कमल और कमण्डल एवं जपमाला भी वे धारण किये हुए रहती हैं । इसके अलावा इस रूप में माँ एक हाथ से वरद मुद्रा और दूसरे हाथ से अभय मुद्रा भी बनाये हुए हैं । हाथों में हथियार थामे रण करने पर उद्यत माँ का यह रूप भक्तों के लिये शान्ति, शक्ति व शुभत्व से भरपूर है । शत्रुओं के लिये भयंकरी लेकिन भक्तों के लिये वे सदा शुभंकरी हैं । माँ चन्द्रघण्टा का वाहन सिंह है । तेजोमयी माता की देह का रंग सोने की तरह चमकीला है । वे सौन्दर्य व शान्ति का प्रतीक हैं ।
भव्य माँ की दिव्य कथा
माँ चन्द्रघण्टा से जुड़ी कथा का वर्णन पौराणिक ग्रन्थों में मिलता है, जो संक्षेप में इस प्रकार है । प्राचीन काल में महिषासुर नाम का एक महापराक्रमी असुर उत्पन्न हुआ था । वह अनेक रूप रच लेता था । वह कभी मनुष्य तो कभी भैंस (महिष) का रूप ले लेता था । उसने युद्ध में देवताओं को हरा कर देवराज इन्द्र के सिंहासन पर अधिकार कर लिया था । हारे हुए और डरे हुए देवता ब्रह्माजी व शिवजी के साथ भगवान विष्णु के पास गये व महिषासुर के अत्याचारों को कह सुनाया । सब ने विष्णुदेव से रक्षकों लिये प्रार्थना की । तब विष्णुजी ने मुख से महान् तेज उत्पन्न किया । ब्रह्माजी, शिवजी, इन्द्र व अन्य देवताओं के शरीरों से भी दिव्य तेज प्रकट हुआ और सब का दिव्य तेज मिल कर हिमालय पर्वत के समान एक विशाल और महादिव्य तेजपुंज बन गया, जिससे सभी दिशाएँ प्रकाशित हो उठीं । इसके बाद उस महादिव्य तेज से एक सुन्दर और महातेजस्विनी नारी प्रकट हुई । वह नारी साक्षात् महिषासुरमर्दिनी थी । देवताओं ने उनकी स्तुति की और उन्हें अनेक आभूषण और अस्त्र-शस्त्र प्रदान किये । विष्णुजी ने एक तेजोमय चक्र दिया, ब्रह्माजी ने गंगाजल से भरा हुआ कमण्डल व शिवजी ने एक त्रिशूल दिया । अन्य सभी देवताओं ने अलग-अलग आयुध और आभूषण दिये । हिमालय पर्वत ने अनेक प्रकार के रत्न और सवारी के लिये उन्हें सिंह दिया ।
यह सब होने के बाद देवी ने अट्टहासपूर्वक गर्जना की, जिससे धरती काँप उठी । दैत्य इस भीषण शब्द को सुन कर अपने हथियार लेकर दौड़ पड़े व उन्होंने युद्ध छेड़ दिया । महिषासुर का सेनापति चिक्षुर देवी पर टूट पड़ा । अपने घुड़सवार व हाथीसवार सैनिकों के साथ दैत्यसेना के मुख्य योद्धा चामर, उदग्र, बाष्कल और असिलोमा आदि युद्ध के मैदान में देवी पर चारों ओर से टूट पड़े । लेकिन माँ तो रणचंडी बनी हुई थी । माँ ने देखते ही देखते उनके अस्त्र-शस्त्र काट डाले तथा त्रिशूल, गदा और शक्ति की वर्षा करके बहुत से महादैत्यों को मार डाला । अपनी सेना को नष्ट होते देख कर सेनापति चिक्षुर पहले बाणों से, फिर तलवार से व फिर त्रिशूल से देवी के साथ भयंकर युद्ध करता रहा, किन्तु देवी ने अपने त्रिशूल से उसका अन्त कर दिया । उसके कई प्रधान नायक भी युद्ध की भेंट चढ़ गये ।
अन्त में महिषासुर, जो देवी से संग्राम करने के लिये अपनी सेना को भेज रहा था, देवी से भिड़ने अब वह स्वयं मैदान में उतरा । बहुत इतरा रहा था वह, मानो देवी को हरा कर ही मानेगा । वह विविध रूप तो धारण कर ही सकता था, तो वह भैंसे का रूप लेकर देवी के साथ भीषण युद्ध करने लगा । वह खुरों से पृथ्वी खोदता व पहाड़ों को उखाड़ कर देवी पर फेंक रहा था । देवी ने उसे पाश से बांधा तो उसने सिंह का रूप ले लिया, उसके बाद फिर हाथी बन कर सूँड़ से देवी के सिंह को खींचने लगा । देवी ने उसकी सूँड़ काट दी तो वह फिर से भैंसे का रूप लेकर पिल पड़ा । देवी अब उछल कर महिषासुर पर चढ़ गईं व पैर से उसे दबा कर उसके सिर को उन्होंने तलवार से तुरंत काट गिराया । इस तरह महिषासुर को मार कर देवी ने शरण में आये हुए देवताओं की रक्षा की तथा तीनों लोकों में फैले हुए आतंक का अन्त किया । दैत्यराज महिषासुर का संहार करने वाली होने से देवी महिषासुरमर्दिनी भी कहलाती हैं ।
माँ की उपासना
साधना की दृष्टि से माँ चन्द्रघण्टा तीसरे चक्र पर, जो मणिपुर चक्र कहलाता है, विराजमान होती हैं । नवरात्र के तीसरे दिन साधक के मन का प्रवेश मणिपुर चक्र में होता है व वह माँ चन्द्रघण्टा की अभयदायिनी कृपा प्राप्त करता है । उसका मन बदलाव व बिखराव से दूर होकर स्थिरता व एकाग्रता की ओर बढ़ता है । नकारात्मक विचार व शक्तियां साधक के पास नहीं फटकतीं । वह शिवचेतना से जुड़ता है एवं उसके आध्यात्मिक विकास का मार्ग प्रशस्त होता है । अन्य लोग भी माँ के उपासकों के सानिध्य में सुखद शान्ति का अनुभव करते हैं ।

Leave a Reply