कथाकुंज

हमारी अमूल्य धरोहर

मां कालरात्रि

Floral divider

नवरात्रों की कथायें

हमने अब तक माँ के जितने स्वरूपों को देखा और उन्हें जाना, वे सभी उनके सुन्दर और मनोहारी स्वरूप रहे ।  लेकिन इस कथा-यात्रा में हम आज दुर्गापूजा के सातवें दिन उनके जिस स्वरूप को निहारेंगे, वह देखने में पहले के रूपों से पूरी तरह अलग है, अपितु उनसे उलटा है । कालरात्रि है, इस स्वरूप का नाम । जी हाँ  ! बिल्कुल ठीक पढ़ा आपने ।और सोचा भी सही है ! यह नाम जितना डराता है, उनका स्वरूप भी उतना ही भयभीत करता है । पर मां तो मां होती है न ? क्या वह अपनी संतान को डरायेगी ? नहीं ना ? मां कालरात्रि का ऐसा विकराल रूप केवल उनके बालकों के शत्रुओं के लिये है । सर्वनाशक है यह स्वरूप केवल दुष्टों दुर्जनों और अत्याचारियों के लिये । पीड़ितों के लिये व अपने भक्तों के लिये तो यह स्वरूप रक्षाकारी व भयहारी है । इस रक्षक स्वरूप में माँ अत्याचारियों को कभी क्षमा नहीं करती, अपितु निष्ठुरता से उनका अन्त करती है । माँ का यह रूप उनके नाम की ही भाँति रात के घनघोर अंधकार के समान काला है, इसलिये इस स्वरूप को कालरात्रि कहा गया है ।

मां कालरात्रि का स्वरूप

माँ कालरात्रि के स्वरूप की यदि बात करे तो माँ दुर्गा का यह स्वरूप अत्यंत डरावना है । उनके नेत्र तीन हैं, जो ब्रह्माण्ड के समान गोल है । माँ के लंबे केश खुले हुए और बिखरे हुए हैं । उन्होंने गले में माला पहनी हुई है । उस माला से बिजली के समान तेज निकलता है । इतना ही नहीं, उनके प्रत्येक श्वास के साथ उनकी नासिका से अग्नि की ज्वाला निकलती है । किसी को डराने के लिये तो इतना भी पर्याप्त है, पर माँ का गर्दभ पर सवार होना और भी भयानक लगता है । माँ की भुजाएँ चार हैं । उनका एक दाहिना हाथ वर मुद्रा में है व दूसरा दाहिना हाथ अभय मुद्रा में है । वरद मुद्रा से वे अपने भक्तों को मनोवांछित फल प्रदान करती हैं तथा अभय मुद्रा से निर्भयता की घोषणा करती हैं । तो अब हम उनके दोनों बायें हाथों का अवलोकन करें कि उनमें माँ ने क्या लिया हुआ है । माँ के एक बायें हाथ में हम पाते हैं लोहे का काँटा और दूसरे बायें हाथ में माँ ने खड्ग धारण किया हुआ है ।

माँ दुर्गा का कालरात्रि स्वरूप भयंकर होने के पश्चात् भी उनके भक्तों के लिये बहुत ही शुभ करने वाला है, इसलिये उन्हें शुभंकरी भी कहा जाता है ।

मान्यता है कि मां के इस स्वरूप की पूजा-अर्चना करने से साधक के जीवन की सारी बाधाएं और भय दूर हो जाते हैं। मां कालरात्रि को नीला रंग बहुत पसंद है, इसलिए इस दिन नीले रंग के कपड़े धारण करना शुभ माना जाता है। माता कालरात्रि की पूजा रात्रि में भी की जाती है ।

नवरात्रि के सातवें दिन साधक का मन सहस्रार चक्र में स्थित होता है। यह सिर के शिखर पर स्थित होता है । सहस्रार का अर्थ है हजार पंखुड़ियों वाला कमल । यह चक्र व्यक्ति को सभी कर्मों से मुक्त कर उसे मोक्ष प्रदान करता है। मां कालरात्रि को गुड़ या गुड़ से बनी वस्तुओं और चने का भोग लगाना चाहिए, ऐसी मान्यता है । इसके अतिरिक्त मां को शहद का भोग भी अर्पित किया जाता है । साथ ही मालपुआ भी, बताया जाता है कि माँ को प्रिय है । माँ की मनपसंद वस्तुओं का भोग लगाने से वे बहुत प्रसन्न होती है । इस प्रकार पूरी श्रद्धा व समर्पण के साथ की गई माता की पूजा-अर्चना बहुत शुभ फलों को देने वाली होती है । माँ की कृपा से दुष्ट व नकारात्मक शक्तियों से बचाव होता है और उनके उपासकों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं ।

मां कालरात्रि की कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, देवराज इन्द्र ने दैत्यों के राजा नमुचि का वध किया था । इसके बाद राक्षस शुंभ और निशुंभ ने दैत्य चंड, मुंड और रक्तबीज की सहायता से देवताओं पर आक्रमण कर दिया ।

रक्तबीज ने कठोर तपस्या कर ब्रह्मा जी से एक विशेष वरदान प्राप्त किया था। उस वरदान के अनुसार, जब भी कोई रक्तबीज का वध करने की कोशिश करेगा, तब उसके शरीर से निकली रक्त की जितनी भी बूंदें धरती को स्पर्श करेंगी, उतने ही रक्तबीज उत्पन्न हो जाएंगे। ऐसे में उसका संहार करना सभी के लिए असंभव हो गया था । देवताओं के वार से जब भी उसके रक्त की बूंदें धरती पर गिरीं, उतने ही नए रक्तबीज और उत्पन्न हो गए। अंततः सभी देवता पराजित हो गए और राक्षसों ने देवलोक पर आधिपत्य स्थापित कर लिया ।

इन सभी राक्षसों के आतंक से व्याकुल होकर देवता सहायता के लिए भगवान शिव के पास पहुंचे। भगवान शिव जानते थे कि इस राक्षस का अंत केवल मां पार्वती ही कर सकती हैं । भगवान शिव के कहने पर मां पार्वती ने चण्डिका का रूप धारण किया। देवी चण्डिका शुंभ और निशुंभ सहित अनेक राक्षसों का वध करने में सक्षम थीं, तब भी उन्होंने चण्ड, मुण्ड और रक्तबीज जैसे शक्तिशाली राक्षसों का वध करने के लिए अपने शीर्ष से देवी कालरात्रि को उत्पन्न किया ।

अब आगे की कथा यह है कि मां कालरात्रि ने चण्ड और मुण्ड से युद्ध किया और उनका वध कर दिया । इसलिए मां के इस स्वरूप को चामुंडा भी कहा जाता है । मां कालरात्रि ने सभी राक्षसों का वध तो कर दिया, लेकिन रक्तबीज को मिले वरदान की वजह से उसका वध करना संभव नहीं हो पा रहा था । रक्तबीज के रक्त की बूँदें जहां गिरतीं, वहीं से लगातार और-और नए रक्तबीज उत्पन्न होते जा रहे थे । मां कालरात्रि ने सभी रक्तबीजों पर आक्रमण किया, किन्तु उसकी सेना ने तो बढ़ना ही था और वह बढ़ी भी और बढ़ती ही चली गई । तब मां कालरात्रि ने रणभूमि में यह युक्ति लगायी । उन्होंने रक्तबीज पर वार करने के साथ ही साथ, बिना देर किये उसकी रक्त की बूंदों को धरती पर गिरने से पहले ही लोहे के कांटे में भरकर अपने मुख में समेटना शुरू कर दिया । इस प्रकार मां कालरात्रि ने रक्तबीज का काल बनी । काल अर्थात् सर्वनाश । तो इस प्रकार रक्कतबीज का संहार करके माँ ने देवताओं को विजय दिलाई । इसलिए कहा जाता है कि मां कालरात्रि का स्वरूप पापियों का नाश कर भक्तों को शुभ फल प्रदान करता है ।

मां कालरात्रि को अज्ञानता और अंधकार का नाश करने वाली देवी माना जाता है । मां की कृपा से भक्त को न केवल आध्यात्मिक बल्कि सांसारिक लाभ भी प्राप्त होते हैं । मां कालरात्रि काल से अर्थात् मृत्यु से भी रक्षा करने वाली शक्ति हैं । विधि-विधान से मां की पूजा करने पर अकाल मृत्यु के भय से और ग्रह-बाधाओं से मुक्ति मिलती है और कुंडली में शनि ग्रह की नकारात्मकता कम होती है । फलस्वरूप साधक को शुभ फल की प्राप्ति होती है । दैत्य, दानव, भूत, प्रेत आदि तो माँ को केवल स्मरण कर लेने से ही मारे भय के भाग खड़े होते हैं । माँ कालरात्रि के भक्तों को अग्नि, पानी, जीव-जन्तुओं आदि से भय नहीं होता । इतना ही नहीं इनके उपासक शत्रु-भय और रात्रि-भय से भी मुक्त रहते हैं । तो पाठकगण ! यह है नवरात्र के सातवें दिन पूजित होने वाली एवं भयंकर रूप अपनाने वाली माँ का असली शुभंकर रूप । माँ कालरात्रि वास्तव में अभयदात्री है ।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *