मां महागौरी

नवरात्रों की कथायें
वाह ! आज का दिन कितना रंगबिरंगा और पुलक से भरा हुआ है । आज तिथि है अष्टमी की और नवरात्र का है यह आठवाँ दिन । माँ के अनेक भक्त आज के दिन अपने नवरात्र व्रत का समापन करते हैं । और ऐसा करते हुए वे कुँवारी कन्याओं का पूजन कर उन्हें माँ का प्रसाद रूपी भोजन कराते हैं । देखो ! इसीलिये तो रंग-बिरंगी परिधान पहने, उमंग से भरी ये कन्याओं की चहकती हुई टोलियाँ गली-मुहल्लों में व आवासीय परिसर में घूमती हुई दिख रही हैं । कहीं किसी घर के भीतर जा रही हैं तो कहीं पर घर से बाहर निकल रही हैं । पर हैं सब की सब पुलकित ! हाँ, यह बात और है कि कई अन्य भक्तजन नवमी तिथि पर व्रत का समापन करते हैं ।
मां महागौरी का स्वरूप

माँ दुर्गा की आठवीं शक्ति का नाम महागौरी है । इस स्वरूप में माँ का रंग अत्यन्त गोरा है । इनके वस्त्र और आभूषण भी श्वेत रंग के हैं । इनके इस रूप की उपमा शंख, चन्द्रमा और कुन्द के फूल से दी जाती है । इन्हें श्वेताम्बरधरा भी कहा जाता है । माता का स्वरूप चार भुजाओं वाला है । इनके एक दाहिने हाथ में त्रिशूल है और दूसरे दाहिने हाथ में अभय मुद्रा है । बायीं ओर के एक हाथ में वर-मुद्रा और उनके दूसरे हाथ में डमरु है । माँ का वाहन वृषभ है । अतएव उन्हें वृषारूढ़ा भी कहा जाता है ।
मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप के बारे में एक बात बड़ी मजेदार है । मान्यता है कि इस स्वरूप में माँ के वाहन सिंह और बैल दोनों ही हैं । एक कथा के अनुसार किसी समय एक सिंह अत्यंत भूखा था। भोजन की तलाश में वह मां के पास जा पहुँचा, जो तपस्या में लीन थीं । सिंह माँ की तपस्या पूर्ण होने की प्रतीक्षा करते हुए वहीं बैठ गया । भूखा तो वह था ही, अब इस लम्बी प्रतीक्षा से वह और भी अधिक निर्बल हो गया । जब देवी तपस्या से उठीं तो सिंह की दशा देखकर उन्हें उस पर दया आ गई और उन्होंने उसे अपनी सवारी बना लिया और इस प्रकार सिंह की जन्म-जन्मान्तरों की भूख शांत कर दी । महागौरी की मुखमुद्रा अत्यन्त सौम्य और सुशान्त है ।
मां महागौरी की कथा
माँ महागौरी की कथा कई रूपों में हमारे सामने आती है । मुख्य कथा में यह कहा जाता है कि माता जब पर्वतराज हिमालय की पुत्री के रूप में थीं, तो इन्होंने भगवान शिव को पाने के लिए घोर तपस्या की थी । उनकी यह दृढ़ प्रतिज्ञा थी कि महादेव के अलावा वे किसी और का वरण नहीं करेंगी । इस कठोर संकल्प से अत्यधिक उग्र तपस्या करती हुईं शैलराजपुत्री के शरीर की श्वेत कांति बनी न रह सकी । छोटी आयु में बदलती ऋतुओं की निष्ठुर मार वन में तपस्या करते हुई माँ पार्वती ने सही । कभी मूसलाधार वर्षा, कभी तेज तपती धूप, कभी धूल भरी आँधी के झोंके… इन सबके प्रहार झेलते हुए देवी का शरीर काला पड़ गया । अन्त में महादेव इनकी तपस्या से प्रसन्न हुए व इन्हें दर्शन दिये । उस समय भगवान् शिव ने इनके शरीर को गंगाजी के पावन जल से मलकर धोया । ऐसा करते ही माँ का शरीर बहुत ही सुन्दर श्वेत रंग का हो गया और वह विद्युत् ( बिजली ) की प्रभा की तरह तेजोमय कान्ति से दमक उठा । वे अत्यन्त गोरे रंग से खिल गईं । इस महाश्वेत अर्थात् बहुत ही गोरे रंग के कारण तब से माँ का नाम हो गया महागौरी ।
आइये, माँ महागौरी के संबंध में एक कथा और भी जान लें । इस कथा के अनुसार, प्राचीन काल में शुंभ और निशुंभ नामक राक्षसों ने संसार में उत्पात मचाया था। उनका वध केवल देवी ही कर सकती थीं । उनके वध के लिए भगवान् शिव ने मां का शरीर काला कर दिया था। राक्षसों के वध के बाद अपने वास्तविक स्वरूप को प्राप्त करने हेतु मां ने कठोर तपस्या की, जिससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें मानसरोवर में स्नान करने का निर्देश दिया । स्नान के पश्चात मां का शरीर पुनः गौर वर्ण का हो गया।
दुर्गा अष्टमी व्रत कथा के अनुसार, मां पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए कठोर तपस्या की थी । एक बार भगवान शिव ने उन्हें देखकर कुछ कह दिया था, जिससे आहत होकर देवी पार्वती तपस्या में लीन हो गईं । जब वर्षों बीत जाने पर भी मां पार्वती वापस नहीं आईं, तब भगवान शिव स्वयं उनके पास पहुँचे । वहाँ पहुँचकर उन्होंने देखा कि मां तो चांदनी की तरह श्वेत दिखाई दे रही हैं । यह देख भगवान शिव ने उन्हें सदा गौर वर्ण का वरदान दिया ।
कन्यापूजन
भगवती दुर्गा के भक्त व साधक सम्पूर्ण नवरात्रि में व्रत व पूजा पूरी विधि- विधान के साथ करते हैं । नवरात्रि के आठवें दिन व अंतिम दिन कन्या-पूजन का विधान हैं । वैदिक विधान के अनुसार दो से दस वर्ष तक की कन्याओं को उपयुक्त माना जाता है । ये कन्याएँ निर्विकार व पवित्र होने के कारण देवीरूपिणी मानी जाती हैं । शास्त्रों में बताया गया है कि भगवती दुर्गा हवन, पूजन, जप और दान से भी इतनी प्रसन्न नहीं होतीं, जितनी वे कन्यारूपी देवी के पूजन से होती हैं । इन कन्याओं को साधारण बोलचाल की भाषा में कंजकां भी कहा जाता है । कंजकां अर्थात् कन्यका । तंत्र ग्रंथों के अनुसार कन्यकाओं को पूज कर उन्हें भोजन कराने से देवी आनन्दित होती हैं व उस घर में वे निवास करती हैं । देवी भगवती के प्रसन्न होने से तीनों लोक तृप्त हो जाते हैं । कुछ लोग अष्टमी के दिन और कुछ लोग नवमी के दिन कन्यकाओं का पूजन करके उन्हें श्रद्धा व प्रेम से भोजन कराते हैं । भोजन में पूरी, काला चना और आटे का हलवा अवश्य होता है ।
माँ महागौरी की पूजा और उनकी ध्यान-साधना भक्तों का कल्याण करती है, उनके पाप-ताप नष्ट करती है । मान्यता है कि इस स्वरूप की उपासना पूर्वजन्मों के पाप भी धो देती है । साधक अक्षय पुण्य करने का फल पाते हैं । दु:ख-क़्लेश, पाप-संताप भविष्य में भी उनके पास कभी नहीं आते ।
मान्यता है कि मां महागौरी राहु ग्रह पर नियंत्रण रखती हैं, इसलिए कुंडली में राहु दोष दूर करने के लिए उनकी आराधना आवश्यक मानी जाती है । मां महागौरी की पूजा से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं । मां मनुष्य की वृत्तियों को सत् की ओर प्रेरित करती हैं एवं असत् का वे विनाश करती हैं । इस प्रकार माँ महागौरी की पूजा से उनके साधक व भक्तजनों के जीवन में मंगल और सौभाग्य का संचार होता है । माँ महागौरी की महिमा का कोई पार नहीं ।

Leave a Reply